You will be redirected to an external website

इतिहास के पन्नों में 19 अगस्तः भारत में एक रुपये का पहला सिक्का 266 साल पहले जारी किया गया

इतिहास-के-पन्नों-में-19-अगस्त-भारत-में-एक-रुपये-का-पहला-सिक्का-266-साल-पहले-जारी-किया-गया

19 अगस्त

देश-दुनिया के इतिहास में 19 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत में सिक्कों के इतिहास की कथा समेटे है। आज से 266 साल पहले ईस्ट इंडिया कंपनी ने 19 अगस्त को ही एक रुपये का सिक्का जारी किया था। इसे भारत का पहला सिक्का कहा जाता है।

ईस्ट इंडिया कंपनी शुद्ध व्यापारिक थी। कंपनी एशिया में सिल्क, कॉटन, नील, चाय और नमक का व्यापार करती थी। 1640 के आसपास कंपनी ने भारत में 23 फैक्टरी खोल ली थीं और यहां करीब 100 लोग काम करते थे। हालांकि कई सालों तक कंपनी का भारत के शासन-प्रशासन में कोई दखल नहीं था। साल 1757 में प्लासी के युद्ध में जीत के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी के हाथों में शासन के अधिकार भी आने शुरू हो गए।

प्लासी युद्ध में जीत के बाद कंपनी ने बंगाल के नवाब के साथ एक संधि की। इस संधि में कंपनी को सिक्के बनाने का अधिकार मिल गया। कंपनी ने कोलकाता में टकसाल खोली। इसके बाद 19 अगस्त 1757 को एक रुपये का पहला सिक्का जारी किया गया। कंपनी ने इससे पहले सूरत, बॉम्बे और अहमदाबाद में भी टकसाल की स्थापना की थी, लेकिन एक रुपये का सिक्का पहली बार कोलकाता में ही बनाया गया। सूरत टकसाल की स्थापना सबसे पहले की गई थी, लेकिन वहां डिमांड के मुताबिक सिक्के नहीं बन पा रहे थे। इसलिए 1636 में अहमदाबाद में टकसाल की स्थापना की गई। 1672 में बॉम्बे में भी सिक्के बनाने की शुरुआत हुई। बॉम्बे में यूरोपियन स्टाइल के गोल्ड, सिल्वर और कॉपर के सिक्के बनाए जाते थे। गोल्ड के सिक्कों को कैरोलिना, सिल्वर के सिक्कों को एंजलीना और कॉपर के सिक्कों को कॉपरून कहा जाता था।

हालांकि अभी तक पूरे भारत में एक जैसे सिक्कों का चलन नहीं था। बंगाल, मद्रास और बॉम्बे प्रेसिडेंसी में अलग-अलग तरह के सिक्के चलते थे। इनका आकार, वजन और वैल्यू भी अलग-अलग होती थी। व्यापार के लिए ये बड़ी समस्या थी। इसलिए 1835 में यूनिफॉर्म कॉइनेज एक्ट पारित किया गया। इस एक्ट के लागू होने के बाद एक जैसे सिक्के जारी किए जाने लगे। इन सिक्कों पर एक तरफ ब्रिटिश किंग विलियम चतुर्थ का हेड छपा होता था और दूसरी तरफ इंग्लिश और पर्शियन में सिक्का कितनी कीमत का है, ये छपा होता था। 1857 के विद्रोह के बाद भारत का शासन सीधे ब्रिटिश क्राउन के पास चला गया। इसके बाद सिक्कों पर ब्रिटिश मोनार्क की तस्वीर छपने लगी। पहले विश्वयुद्ध में चांदी की कमी होने की वजह से कागज के नोट जारी किए गए। 1947 में भारत आजाद हुआ, लेकिन 1950 तक यही सिक्के देश में चलते रहे।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1600: अहमद नगर पर अकबर का आधिपत्य।

1666: शिवाजी आगरा में फलों की टोकरी में छिपकर औरंगजेब की कैद से फरार।

1757ः ईस्ट इंडिया कंपनी ने पहला एक रुपये का सिक्का ढाला।

1919: अफगानिस्तान ने ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।

1944ः भारत से जापान की अंतिम सैन्य टुकड़ी को खदेडा गया।

1949: भुवनेश्वर ओडिशा की राजधानी बना।

1960: स्पूतनिक 5 अंतरिक्ष यान से दो कुत्ते और तीन चूहे अंतरिक्ष में भेजे गए।

1964: संचार उपग्रह सिनकोम 3 का प्रक्षेपण।

1966: तुर्किये में भूकंप से करीब 2400 लोगों की मौत।

1973: फ्रांस ने परमाणु परीक्षण किया।

1977: सोवियत संघ ने सेरी सागान में परमाणु परीक्षण किया।

1978: ईरान के सिनेमाघर में आग लगने से 422 लोगों की मौत।

1998ः सूडान एवं अफगानिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर संयुक्त राज्य अमेरिका ने मिसाइलों से हमला किया।

1999: भारत की परमाणु नीति के मसौदे से नाराज जी-8 ने सभी तरह की मदद पर रोक लगाने की घोषणा की।

2000 - हिना जलाली विश्व की पहली मानवाधिकार संरक्षक प्रतिनिधि नियुक्त।

2004: दुनिया की सबसे बड़ी इंटरनेट कंपनी गूगल ने अपने शेयर बाजार में उतारे।

2004ः वान डेन हुगेनबैंड ओलम्पिक में सबसे तेज तैराक बने।

2005: श्रीलंका सरकार और लिट्टे में शांति वार्ता फिर शुरू करने पर सहमति।

2006ः इजरायल ने तत्कालीन फलिस्तीनी उप प्रधानमंत्री को गिरफ्तार किया।

2007: अंतरिक्ष स्टेशन पर गए मिशन एंडेवर के यात्रियों ने स्पेसवॉक पूरा किया।

2009ः ईराक के बगदाद में सिलसिलेवार बम विस्फोट। 101 लोगों की मौत और 565 घायल।

जन्म

1887ः भारत के क्रांतिकारी नेता एस. सत्यमूर्ति।

1907ः निबन्धकार, उपन्यासकार, आलोचक, चिंतक और शोधकर्ता हजारी प्रसाद द्विवेदी।

1908ः पद्म भूषण से सम्मानित हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक अब्दुल राशिद खान।

1918ः भारत के पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा।

1928ः हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार शिवप्रसाद सिंह।

1950ः इन्फोसिस फाउंडेशन के संस्थापक एनआर नारायणमूर्ति की पत्नी एवं प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सुधा मूर्ति।

1967ः विश्व की मशहूर सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला।

निधन

1987ः प्रसिद्ध भारतीय तैराक सचिन नाग।

1993ः हिन्दी और बांग्ला फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता उत्पल दत्त।

2013ः शीर्षस्थ भाषा विज्ञानी और हिन्दी के साहित्यकार रोनाल्ड स्टुअर्ट मेक्ग्रेगॉर।

2019ः भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध संगीतकार खय्याम।

2019ः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा।

दिवस

-विश्व फोटोग्राफी दिवस

-विश्व मानवतावादी दिवस

AUTHOR :Kajod Verma

अमृतसर-में-पुलिस-से-भिड़े-हजारों-खालिस्तान-समर्थक,-अपने-साथी-के-विरोध-में-उठाये-बंदूक-व-तलवार Read Previous

अमृतसर में पुलिस से भिड़...

सन्नी-मित्रा-ने-अंतरिक्ष-अभियान-में-चंद्रयान-3-को-सफल-कर-खनन-नगरी-का-नाम-किया-रोशन- Read Next

सन्नी मित्रा ने अंतरिक्...