आशीष शेलार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि भाजपा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ शनिवार को राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। शेलार ने कहा कि राहुल गांधी ने मोदी पर गलत व्यक्तव्य कर पूरे ओबीसी समाज का अपमान किया है और हम राहुल गांधी की निंदा करते हैं।
आशीष शेलार ने मुंबई में शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले मुंबई में राहुल गांधी विरोधी आंदोलन का करेंगे। साथ ही मुंबई की छह लोकसभा सीटों पर भी आंदोलन किया जाएगा। राज्यभर में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता राहुल गांधी विरोधी आंदोलन में शामिल होंगे।
आशीष शेलार ने कहा कि राहुल गांधी के विरुद्ध अदालत ने सभी न्यायिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सजा सुनाई थी। सजा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुसार दी गई है। राहुल गांधी ने भारत की धरती से बाहर जाकर देश को बदनाम किया है। यह भारतीय जनता पार्टी को कतई मंजूर नहीं है। इसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। हम ओबीसी समुदाय को बदनाम करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्हें ओबीसी समुदाय से भी माफी मांगनी चाहिए।