मुंबई के ग्रांट रोड
मुंबई के ग्रांट रोड में स्थित पार्वती मेंशन बिल्डिंग में एक व्यक्ति ने शुक्रवार दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे अपने पांच पड़ोसियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक दंपती सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोगों का इलाज नायर अस्पताल में चल रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपित व्यक्ति चेतन गाला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित चेतन की पत्नी तीन महीने पहले घर छोड़कर मायके चली गई थी। चेतन गाला को शक था कि पड़ोसियों की वजह से उसकी पत्नी मायके चली गई, इसी वजह से आज दोपहर चेतन ने चाकू से अपने पड़ोसियों पर हमला कर दिया। इस घटना में जयेंद्र मेस्त्री, इला मेस्त्री और जेनिल ब्रह्मभट्ट की मौत हो गई है जबकि प्रकाश वाघमारे और स्नेहल भट्ट का इलाज जारी है। इन दोनों का इलाज नायर अस्पताल में चल रहा है और स्नेहल भट्ट की हालत चिंताजनक बनी हुई है। डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।