You will be redirected to an external website

जगरनाथ महतो पंचतत्व में विलीन, अंत्येष्टि में पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

जगरनाथ-महतो-पंचतत्व-में-विलीन,-अंत्येष्टि-में-पहुंचे-मुख्यमंत्री-हेमंत-सोरेन

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो पंचतत्व में विलीन

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के भण्डारीदह के समीप दामोदर नदी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।उनके पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो ने मुखाग्नि दी।

अंत्येष्टि में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रवींद्रनाथ महतो, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, बादल पत्रलेख, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

डुमरी विधानसभा से लगातार चार बार प्रतिनिधित्व करने वाले टाइगर उपनाम से विख्यात झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार में शिक्षा मंत्री रहे जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर चेन्नई से बोकारो स्थित उनके घर पर लाया गया। अपने लोकप्रिय नेता की अंतिम एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

चेन्नई से शुक्रवार सुबह लगभग 7.30 बजे जगरनाथ महतो का शव पहले रांची लाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उनकी पार्थिव देह को कंधा दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री फफक कर रो पड़े। वहां से जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सीधे विधानसभा परिसर लाया गया।

विधानसभा में स्पीकर रवींद्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मंत्री आलमगीर आलम, चंपई सोरेन, सत्यानंद भोक्ता, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश कुमार ठाकुर, बादल, हफीजुल हसन, सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विधानसभा के बाद पार्थिव शरीर को हरमू रोड स्थित झामुमो के कैंप कार्यालय में ले जाया गया, जहां पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन समेत झामुमो के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। झामुमो कार्यालय के बाद जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को बोकारो स्थित भंडारीदह स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री जगरनाथ महतो के पैतृक गांव अलारगो पहुंचे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र महतो भी थे। दोनों ने जगरनाथ महतो के परिजनों से मुलाकात की ।

जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को कंधा देने के बाद ट्वीट कर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि टाइगर जगरनाथ दा ने झारखंड और झारखंडियत की रक्षा के संघर्ष में हमेशा साथ निभाया, उसे जीतना सिखाया. झारखंड की माटी के वीर सपूत जगरनाथ महतो अमर रहें।

जगरनाथ महतो को नमन करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा -अंतिम प्रणाम जगरनाथ जी। झारखंड में सदैव आपकी कमी खलेगी। आपका जमीन से जुड़ाव, जनता के प्रति स्नेह और सबसे महत्वपूर्ण कभी हार ना मानने की जीवटता हमेशा लोगों को प्रेरणा प्रदान करती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो (56) का गुरुवार सुबह 6:30 बजे चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में निधन हो गया था। अचानक तबियत खराब होने पर उन्हें 14 मार्च को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची से चेन्नई ले जाया गया था। पहले कोरोना काल में वह कोरोना की चपेट में आ गए थे। तब उनका लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया था।

AUTHOR :Parul Kumari

अमृतसर-में-पुलिस-से-भिड़े-हजारों-खालिस्तान-समर्थक,-अपने-साथी-के-विरोध-में-उठाये-बंदूक-व-तलवार Read Previous

अमृतसर में पुलिस से भिड़...

Read Next

शरद पवार ने हिंडनबर्ग रि...