शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के पर्यटन मंत्रियों और पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक नदेसर स्थित एक होटल में बैठक
भारत की अध्यक्षता में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के पर्यटन मंत्रियों और पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक नदेसर स्थित एक होटल में शुक्रवार को शुरू हुई। इस दौरान एससीओ के सदस्य देशों ने एक दूसरे के सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए एक संयुक्त कार्ययोजना पर सहमति जताई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने की।
इसके साथ ही बैठक में पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विमर्श के साथ स्वीकृत संयुक्त कार्य योजना में एससीओ पर्यटन ब्रांड के प्रचार में सहयोग को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। पर्यटन में एससीओ सदस्य देशों की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना, पर्यटन में सूचना एवं डिजिटल प्रौद्योगिकियों को साझा कर आदान-प्रदान करना, चिकित्सा और स्वास्थ्य पर्यटन में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के साथ सेवाओं की गुणवत्ता में खास सुधार पर जोर दिया गया।
संयुक्त कार्य योजना के अनुसार सदस्य देश एससीओ पर्यटन प्रदर्शनी, एससीओ फूड फेस्टिवल, पर्यटन पर वेबिनार और संगोष्ठी, क्षेत्र में पर्यटन के प्रचार और विकास पर सम्मेलन और विशेषज्ञ सत्र जैसी विभिन्न गतिविधियां करेंगे। बैठक में "2023 में एससीओ अंतरिक्ष में पर्यटन विकास के वर्ष" के लिए कार्य योजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बाद एससीओ सदस्य देशों के पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों ने संयुक्त बयान भी जारी किया। एससीओ पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की बैठक से पहले भारत की अध्यक्षता में आयोजित विशेषज्ञ कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दो बैठकें हुईं थीं। पहली ईडब्ल्यूजी बैठक 31 जनवरी को ऑनलाइन आयोजित की गई थी, जबकि दूसरी बैठक 14-15 मार्च को वाराणसी में हुई थी।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी को एससीओ की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी घोषित किया गया है। यह मान्यता शहर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र में अधिक प्रमुखता प्रदान करेगी। यह पहल काशी के अध्यात्म रहस्य, शिक्षा की ओर अधिक ध्यान आकर्षित करेगी। चीन, कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य और उज्बेकिस्तान के साथ भारत की चार द्विपक्षीय बैठकें भी एससीओ पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की बैठक के मौके पर आयोजित की गईं। एससीओ प्रमुखों की अगली बैठक वर्ष 2024 में कजाकिस्तान में होगी।
बैठक में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सचिव अरविंद सिंह, सीईओ जनेश कैन, कजाकिस्तान के संस्कृति और खेल उप मंत्री एच.ई. येरज़ान येर्किनबायेव, चीन के पर्यटन मंत्री एच.ई. लू यिंग चुआन, किर्गिज़ गणराज्य के एच.ई. आज़मोव उलुगबेक एक्समातोविच (संस्कृति और पर्यटन के प्रथम उप मंत्री), उज़्बेकिस्तान गणराज्य सरकार व्यक्तिगत रूप से और ऑनलाइन माध्यम से रूस के आर्थिक विकास मंत्रालय के उप मंत्री एच.ई. व्लादिमिर एवगेनिविच इलिचेव, ताजिकिस्तान गणराज्य के पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष मुमिनजोद कमोलिद्दीन समेत कई प्रमुख लोगों ने भागीदारी की।