सूडान
सूडान में सत्ता संघर्ष के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच जारी हिंसक गतिरोध में वहां काम करने गए एक भारतीय नागरिक की शनिवार को गोली लगने से मौत हो गई। सूडान में भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मृत्यु पर दुख जताया है।
सूडान में भारतीय दूतावास ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सूडान में डीएएल समूह के लिए काम करने वाले भारतीय नागरिक अल्बर्ट अगस्टिन शुक्रवार को एक गोली की चपेट में आ गए थे और उन्होंने शनिवार को दम तोड़ दिया। दूतावास आगे की व्यवस्था करने के लिए परिवार और चिकित्सा अधिकारियों से संपर्क में है।
विदेश मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि सूडान की राजधानी खार्तूम में एक भारतीय नागरिक की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। भारतीय दूतावास उनके परिवार को पूरी सहायता देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। खार्तूम की स्थिति बहुत चिंताजनक है। हम घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।