केएलओ कैडरों की पहचान
कोकराझार जिला के बावखुंगगुड़ी पहाड़ी इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कामतापुर लिबरेशन आर्मी (केएलओ) के दो कैडर ढेर हो गये। एक कैडर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य दो भाग निकले।
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि मुठभेड़ में मारे गये केएलओ कैडरों की पहचान अभिजीत डेका (उदालगुड़ी) और निपन राय (बोंगाईगांव) के रूप में हुई है। बीती रात को जिला के बंदरपार में 5 अज्ञात युवक आए और एक दुकान पर अपनी पिस्तौल दिखाकर वहां से कुछ सामग्री लेकर चले गए। इसके बाद दो युवक गांव में घुसे और दो बकरियों को पकड़कर चक्रशिला पहाड़ी इलाके में चले गए। बाद में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। बाकी युवकों ने स्थानीय लोगों को निशाना बनाते हुए गोली चलाते हुए भाग निकले।
कोकराझार पुलिस ने चक्रशिला पहाड़ी इलाके में एक अभियान चलाया। इस दौरान केएलओ कैडरों ने पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो केएलओ सदस्य की मौत हो गई, जबकि अन्य दो भाग निकले। पुलिस ने एक कैडर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चक्रशिला पहाड पर अभियान चलाकर केएलओ के एक शिविर को नष्ट कर दिया। पुलिस ने फरार कैडरों की पहचान का खुलासा नहीं किया है। मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल भी बरामद हुईं हैं।