केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि राजस्थान में दो-तिहाई बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। शाह शनिवार को भरतपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्ष संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रही अदावत पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि पायलट कितना भी कर लो, आपका नंबर नहीं आएगा। पायलट साहब ग्राउंड पर आपका कॉन्ट्रीब्यूशन गहलोत से ज्यादा हो सकता है लेकिन कांग्रेस के खजाने में गहलोत का कॉन्ट्रीब्यूशन ज्यादा है।
शाह ने कहा कि गहलोत ने राजस्थान को थ्री डी सरकार दी है। पहला डी यानि दंगे, दूसरा डी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और तीसरा डी दलितों पर अत्याचार का है। यह थ्रीडी सरकार राजस्थान की जनता नहीं रहने देगी। कांग्रेस पार्टी को राजस्थान की जनता ने सत्ता दी। अभी दोनों लोग सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। गहलोत सीट से उतरना नहीं चाहते और पायलट को बैठने नहीं दे रहे। अरे भाई काहे को लड़ रहे हो, राजस्थान में भाजपा की सरकार बन रही है। पायलट कोई भी बहाना करके धरने पर बैठ जाएं मगर आपका नंबर कभी नहीं लगेगा।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों से राजस्थान के हर बूथ पर भाजपा को सबसे मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से भरतपुर संभाग की लोकसभा सीटों के साथ-साथ सभी 19 विधानसभाओं में जोरदार तरीके से कमल खिलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भरतपुर संभाग के लगभग 4700 बूथों के भाजपा बूथ अध्यक्ष सहित इस संभाग के हर बूथ से पांच-पांच पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री को 31 किलो फूलों की माला पहनाई और महाराजा सूरजमल का प्रतीक चिह्न भी भेंट किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उप नेता सतीश पूनियां, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर, विजया राहटकर और राजेंद्र गहलोत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी ने कथित रूप से एक बहुत बड़ी यात्रा की। एक पत्रकार ने इस संबंध में प्रश्न किया कि राहुल गांधी की यात्रा का क्या असर हुआ है? मैंने उन्हें बताया कि असर तो ये हुआ है कि नॉर्थ-ईस्ट जो कांग्रेस का कभी गढ़ हुआ करता था, राहुल गांधी की यात्रा के बाद नॉर्थ-ईस्ट में तीन राज्यों का चुनाव हुआ, तीनों राज्यों में कांग्रेस का सफाया हो गया है। शाह ने कहा कि भाजपा के माध्यम से देश की आकांक्षा की पूर्ति हुई है, देश सुरक्षित हुआ है, देश समृद्धि की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में सत्ता की लड़ाई चल रही है। अशोक गहलोत सत्ता से उतरना नहीं चाहते और पायलट कहते हैं कि सीएम मैं बनना चाहता हूं। अरे भईया, काहे को लड़ रहे हो क्योंकि सरकार तो भाजपा की बननी है। जो चीज हो ही नहीं सकती, उसके लिए झगड़ा क्यों कर रहे हो? कांग्रेस ने राजस्थान और यहाँ की गरीब जनता को लूटने का पाप किया है। कांग्रेस की वर्तमान गहलोत सरकार आजादी के बाद राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
शाह ने कहा कि भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों और पार्टी की विचारधारा के आधार में चुनाव में जाएगी। हमें पूरा भरोसा है कि राजस्थान में दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। आगामी लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की विजय पताका पूरी शान से लहराएगी। लगातार तीसरी बार राजस्थान की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलेगा। सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ और पन्ना प्रमुख की उपस्थिति की वजह से भाजपा को हराना मुश्किल है। 2014 के लोक सभा चुनाव में भाजपा ने 25 की 25 सीटें जीती। 2019 में भी भाजपा को 25 की 25 सीटों पर विजय मिली। 2024 में पुनः भाजपा लोकसभा की 25 की 25 सीटें जीतेगी।
राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में लॉ एंड आर्डर के मामले में नेगेटिव ग्रोथ तो हुआ ही, साथ ही परिवारवाद में भी जम कर ग्रोथ हुआ। गहलोत सरकार ने वंशवाद का विकास किया है, जातिवाद को भड़काया है और तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पार कर ली है। राजस्थान की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। गहलोत सरकार में दो दर्जन से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। इसके बाद भी गहलोत सरकार सत्ता चाहती है। क्यों गहलोत साहब, आपको पेपर लीक की सेंचुरी लगानी है क्या? राजस्थान की जनता आपको कोई मौक़ा नहीं देगी।