उदयन गुहा
उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा ने शनिवार को वाममोर्चा शासन के दौरान नौकरी में घोटालों को लेकर एक विस्फोटक आरोप लगाया। उन्होंने भर्ती घोटाले के लिए सीधे तौर पर अपने ही पिता कमल गुहा को जिम्मेदार ठहराया। कमल गुहा कभी फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला सचिव और वामपंथी दौर में राज्य के कृषि मंत्री थे।
मंत्री ने दावा किया कि 100 लोगों की सूची है, जिन्हें योग्यता नहीं होने के बावजूद नौकरी मिली है। पश्चिम बंगाल भर्ती घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं की कथित संलिप्तता के बारे में देश में व्यापक चर्चा हो रही है। लेकिन अब पता चला है कि भ्रष्टाचार के बीज पश्चिम बंगाल में बाममोर्चा सरकार के दौरान बोए गए थे।
उदयन गुहा ने कहा कि कमल गुहा ने पार्टी के लिए भ्रष्टाचार किया। मैं अपने पिता को बचाने के लिए कुछ नहीं कहूंगा। मेरे पिता ने उस समय कई लोगों को रोजगार दिया था। सूची मेरे पिता के सामने बनाई गई। वहां योग्य लोगों को वंचित कर दिया गया था। जो लोग आज सड़कों पर बैठकर कहते हैं कि योग्य को वंचित किया जा रहा है, उनके पूर्ववर्तियों ने योग्य को वंचित कर उन्हें नौकरी दी है।