संयुक्त किसान मोर्चा
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों का समर्थन किया है। मोर्चे ने प्रदर्शनरत पहलवानों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
मोर्चे ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि रविवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एसकेएम के कई वरिष्ठ नेता, सैकड़ों किसानों के साथ, एक बार फिर जंतर-मंतर पर विरोध स्थल का दौरा करेंगे और पहलवानों को अपना समर्थन देंगे। एसकेएम का प्रतिनिधि-मण्डल दिल्ली पुलिस आयुक्त, केंद्रीय खेल मंत्री, गृह मंत्री समेत महत्वपूर्ण प्रशासनिक और राजनीतिक व्यक्तियों के पास जाएगा और बृजभूषण शरण सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
एसकेएम ने कहा कि 11 से 18 मई तक, भारत के सभी राज्यों में, राज्य राजधानियों, जिला मुख्यालय और तालुक मुख्यालय पर एक देशव्यापी आंदोलन आयोजित किया जाएगा। इसमें सार्वजनिक बैठकें और विरोध मार्च आयोजित किए जाएंगे और बृजभूषण शरण सिंह और उनके समर्थक भाजपा सरकार के पुतले फूंके जाएंगे।