सुमोना चक्रवर्ती की कार पर 5 मिनट के अंतराल में दो बार हमला, पुलिस ने कुछ नहीं किया
द कपिल शर्मा शो जैसे सीरियल्स से फैंस को अपना दीवाना बना चुकी सुमोना चक्रवर्ती पर 5 मिनट के अंतराल में दो बार हमला हुआ। इस घटना के बारे में उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में खुलासा किया। जिसके बारे में जानकर फैंस काफी हैरान हुए।
दरअसल, मुंबई में लोग मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जब सुमोना साउथ बॉम्बे (31 अगस्त) की ओर से गुजर रही थी। तब प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और गाड़ी का बोनट पीटकर मुस्कुराने लगे। डरी-सहमीं सुमोना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किये है।
सुमोना ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट लिखकर उनके साथ हुई इस घटना के बारे में लिखा, "आज दोपहर के 12:30 बजे, मैं कोलाबा से फोर्ट जा रही थी और अचानक मेरी कार को एक भीड़ ने रोक लिया। नारंगी रंग का स्टोल पहने एक आदमी मेरे बोनट पर जोर-जोर से मार रहा था, मुस्कुरा रहा था। अपना निकला हुआ पेट मेरी कार से सटा रहा था।"
एक्ट्रेस ने आगे कहा, "मेरे सामने ऐसे झूम रहा था जैसे कोई बेतुकी बात साबित कर रहा हो। उसके दोस्त मेरी खिड़कियों पर जोर-जोर से पीट रहे थे, जय महाराष्ट्र चिल्ला रहे थे और हंस रहे थे। हम थोड़ा आगे बढ़े और फिर वही सब दोहराया। पांच मिनट में ये दो बार था। कोई पुलिस नहीं। (जिन्हें हमने बाद में देखा वे बस बैठे, बातें करते, लटके हुए थे) कोई कानून-व्यवस्था नहीं। सिर्फ मैं, अपनी कार में दिन के उजाले में, साउथ बॉम्बे में असुरक्षित महसूस कर रही थी।"
सुमोना ने कहा, "और सड़कें? केले के छिलकों, प्लास्टिक की बोतलों, गंदगी से अटी पड़ी। फुटपाथों पर कब्जा। प्रदर्शनकारी खा रहे हैं, सो रहे हैं, नहा रहे हैं, खाना बना रहे हैं, पेशाब कर रहे हैं, शौच कर रहे हैं, वीडियो कॉल कर रहे हैं, रील बना रहे हैं, विरोध के नाम पर मुंबई दर्शन कर रहे हैं। नागरिक भावना का पूरी तरह से मजाक।"
वह आगे लिखती हैं, ‘मेरा मन तो वीडियो रिकॉर्ड करने का हुआ, लेकिन जल्दी ही मुझे कि इससे वे और भड़क सकते हैं। इसलिए मैंने ऐसा नहीं किया, यह जानकर डर लगता है कि आप चाहे कोई भी हों, या कहीं भी हों, कानून-व्यवस्था पल भर में ध्वस्त हो सकती है। एक महिला और इस शहर से प्यार करने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं परेशान हूं। हम शासन और नागरिक जिम्मेदारी के इस मजाक से बेहतर के हकदार हैं। हमें अपने शहर में सुरक्षित महसूस करने का हक है।’ बता दें, मुंबई में यह प्रदर्शन मराठों के लिए 10% आरक्षण की मांग के लिए किया जा रहा है।