'नोबेल शांति पुरस्कार मिले' मैंने भारत-पाक समेत 7 युद्ध रोके : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर करने का दावा करते हुए कहा कि उन्हें सात युद्धों को समाप्त करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के संस्थापक डिनर में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि आज अमेरिका की विश्व मंच पर बहुत इज्जत है और वो दुनियाभर में शांति समझौते करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचो। मैंने युद्ध कैसे रोका? क्या आप जानते हैं मैंने इसे व्यापार के जरिए रोका। क्योंकि वे व्यापार करना चाहते हैं और मैं दोनों नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं। उन्होंने दावा किया, "जरा देखए, भारत-पाकिस्तान, थाईलैंड-कंबोडिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, कोसोवो-सर्बिया, इजरायल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया और रवांडा-कांगो, हमने इन सभी को रोका।" उन्होंने यह भी कहा कि इनमें से 60% संघर्ष व्यापार की वजह से रोके गए।
ट्रंप ने कहा, "भारत को हमने साफ कह दिया था कि आपके पास परमाणु हथियार है। ऐसे में अगर आप लड़ाई नहीं रोकोगे, तो हम आपके साथ व्यापार नहीं करेंगे। यह सुनकर उन्होंने युद्ध रोक दिया।" ट्रंप ने कहा कि अब अगर उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर करवा दिया, तो उन्हें नोबल पुरस्कार मिलना चाहिए।