लंदन : प्रवासियों के विरोध में सड़कों पर उतरे 1.5 लाख लोग, पुलिस से हुई झड़प
नेपाल और फ्रांस के बाद अब लंदन की सड़कों पर प्रवासियों के विरोध में 1.5 लाख लोग उतर आये। ये विरोध प्रदर्शन एंटी-इमिग्रेशन एक्टिविस्ट टॉमी रॉबिन्सन के नेतृत्व में हो रहा है। प्रदर्शनकारी कीर स्टार्मर की सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। उनके हाथों में प्रवासी विरोधी स्लोगन वाली तख्तियां थीं, जिस पर लिखा था- सेंड देम होम (उन्हें घर भेजो)। कुछ जगह प्रदर्शनकारी काफी उग्र नजर आये और पुलिस के साथ झड़प भी हुई।
पुलिस के अनुसार, टॉमी की अपील पर लगभग डेढ़ लाख लोग लंदन की सड़कों पर जमा हो गए थे, जिनसे पुलिस की झड़प हो गई। ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने पुलिस अधिकारियों पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा की है। इस हिंसक प्रदर्शन में 26 पुलिसकर्मी घायल हैं। वहीं पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन कर रहे 24 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि जो लोग प्रदर्शन की आड़ में लोगों को भड़का रहे है उनपर हमारी नजर है।
कौन है टॉमी रॉबिन्सन
41 वर्षीय टॉमी रॉबिन्सन का क्रिमिनल रिकॉर्ड काफी लंबा है। उनके खिलाफ हमला, बंधक, धोखाधड़ी और कोर्ट की अवमानना जैसे कई मामले दर्ज हैं। 2018 में वे एक ट्रायल के बाहर लाइव स्ट्रीमिंग करने के आरोप में जेल गए। पिछले साल (2024) में उन्हें हाईकोर्ट के एक आदेश की अवहेलना करने पर 18 महीने की सजा मिली थी।
टॉमी इस्लाम और ब्रिटेन में प्रवासियों के खिलाफ जहरीले बयान देते रहे हैं। वे मुख्यधारा के मीडिया और पुलिस के द्वारा उनके व्यवहार को लेकर गुस्सा जाहिर कर चुके हैं।