US vs Russia: रूस की संपत्ति नीलाम करने जा रहा है अमेरिका, अरबों में कीमत
अमेरिका और रूस के बीच कुछ भी सही नहीं चल रहा है। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका हर संभव कदम उठा रहा है। लेकिन रूस पीछे हटने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में अमेरिका लगातार रूस पर दबाव बना रहा है। अब अमेरिका रूस की अरबो की संपत्ति को नीलाम करने जा रहा है।
अमेरिका लग्जरी सुपरयाट अमाडिया की नीलामी कर रहा है, जिसकी कीमत 32.5 करोड़ डॉलर है। अमेरिका ने इसे यूक्रेन पर रूस के द्वारा हमले के बाद जब्त कर लिया था। अब इसे अमेरिका बेचने की तैयारी कर रहा है।
यह नीलामी 10 सितंबर तक चलेगी। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर युद्ध समाप्त करने का दबाव बना रहे हैं। अमेरिका ने इसे करीब तीन साल पहले जब्त किया था।
आपको जानकारी में बता दे. सैन डिएगो में खड़ी 106 मीटर लंबी नौका को जर्मन कंपनी लुर्सेन ने 2017 में विशेष रूप से निर्मित किया था। फ़्रांस्वा ज़ुरेट्टी द्वारा डिजाइन की गई इस नौका में संगमरमर लगे हैं। जहाज में आठ राजकीय कक्ष, एक ब्यूटी सैलून, एक स्पा, एक जिम, एक हेलीपैड, एक स्विमिंग पूल और एक लिफ्ट है। इसमें 16 मेहमानों और 36 चालक दल के सदस्यों के रहने की शानदार व्यवस्था है।
अमेरिका कर रहा पुतिन को मजबूर
अमेरिका ने कहा है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रूस के अमीर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, जिनमें से कुछ राष्ट्रपति पुतिन के खास माने जाते हैं और उनकी सुपरयाट जब्त कर ली गई हैं। अमेरिका चाहता है कि वे पुतिन को युद्ध रोकने के लिए मजबूर करें।