बिहार चुनाव: 243 सीटों पर नतीजे घोषित, NDA ने 202 सीटों पर मारी बाजी
बिहार विधानसभा चुनाव की 243 सीटों पर वोटिंग की काउंटिंग पूरी हो गई है। NDA ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 202 सीटें हासिल की। वहीं महागठबंधन मात्र 35 सीटों पर सिमट कर रह गई। RJD को 25 जबकि कांग्रेस को मात्र 6 सीटें मिली।
NDA में शामिल बीजेपी को 89, जदयू को 85, चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) को 19, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को 4 और जीतन राम मांझी की पार्टी को 5 सीट मिली।
वहीं महागठबंधन में शामिल RJD को 25, कांग्रेस को 6, वाम दल को 2 और VIP 1 सीटों पर जीत मिली।
प्रशांत किशोर जमानत जब्त
बिहार चुनाव में जन सुराज पार्टी का जो हाल हुआ वह किसी भी राजनैतिक दल का नहीं हुआ। 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने वाले प्रशांत किशोर पर जनता ने भरोसा नहीं दिखाया और एक भी सीट नसीब नहीं हुई। अधिकांश सीटों पर जमानत जब्त होने वाली है।
PK ने कई चैनलों को इंटरव्यू में कहा था कि 'JDU को 25 सीट भी नहीं आएगी… अगर आती है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।' लेकिन नतीजों ने उनकी भविष्यवाणी को उल्टा कर दिया। JDU 80 से ज्यादा सीटों पर जीतते नजर आ रही है।
राहुल गाँधी ने NDA पर बोला हमला
राहुल गांधी ने X पर लिखा, 'मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था।'
उन्होंने बिहार के चुनाव नतीजों पर आगे कहा, 'यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।'
6 सीटों पर सिमटी कांग्रेस
सुरेंद्र प्रसाद (वाल्मीकि नगर), अभिषेक रंजन (चनपटिया), मनोज विश्वास (फारबिसगंज), अबिदुर रहमान (अररिया), मोहम्मद कमरुल होदा (किशनगंज) और मनोहर प्रसाद सिंह (मनिहारी)।
फिर वोट चोरी का आरोप
वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बिहार चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया है। जयराम रमेश ने X पर लिखा, निस्संदेह, बिहार के चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, और चुनाव आयोग द्वारा रची गई वोट चोरी को बड़े पैमाने पर दर्शाते हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के अपने अभियान को और अधिक मजबूती के साथ जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराती है।'