दिल्ली: CM रेखा गुप्ता का नवरात्रि पर बड़ा फैसला, 12 बजे तक बजा सकेंगे लाउडस्पीकर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवरात्रि के पर्व पर बड़ा फैसला दिया है। उन्होंने रामलीला और दुर्गा पूजा समारोहों में रात 12 बजे तक स्पीकर बजाने की अनुमति देने की घोषणा की जिससे पहले 10 बजे तक की बाध्यता थी। लाउडस्पीकर पर छूट 22 सितंबर से तीन अक्टूबर तक वैध है।
सीएम गुप्ता ने घोषणा करते हुए बताया है कि, नवरात्रि के दौरान रामलीला, दुर्गा पूजा पंडाल और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में अब लाउडस्पीकर रात 12 बजे तक बजाए जा सकते हैं। सरकार ने इस घोषणा के साथ रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर लगे प्रतिबंध में दो घंटे की छूट दे दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं हमेशा देखती थी कि हिंदू उत्सव को दिक्कत होती थी, रामलीला और दुर्गापूजा कभी 10 बजे खत्म नहीं हो सकती है। जब गुजरात में डांडिया पूरी रात चल सकता है, जब दूसरे राज्यों में कार्यक्रम पूरी रात हो सकते हैं, तो दिल्ली के लोगों के लिए ऐसा क्यों नहीं हो सकता। इसलिए इस बार हमने सभी रामलीला, दुर्गा पूजा, और सांस्कृतिक-धार्मिक उत्सवों को रात 12 बजे तक जारी रखने की इजाजत दी है।