दुर्गापुर में MBBS छात्रा से गैंगरेप मामले पर CM ममता बनर्जी के बयान ने खड़ा किया विवाद
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला लगातार चर्चा में है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य संभावित दुष्कर्मियों की खोज में लगी हुई है। यह घटना पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में हुई, जहां एक निजी मेडिकल कॉलेज की दूसरी साल की छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया। जानकारी में बता दें, पीड़िता मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा था कि दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ शुक्रवार देर रात कॉलेज परिसर के बाहर हुए यौन उत्पीड़न की घटना से वे बेहद दुखी हैं। पुलिस ने आश्वस्त करते हुए कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
CM ममता बनर्जी के बयान से विवाद
वहीं पश्चिम बंगाल गैंगरेप पर बयान देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सवाल पूछा था कि आधी रात छात्रा हॉस्टल से बाहर कैसे गई? खुद लड़कियों को भी रात में बाहर जाने से बचना चाहिए। अब उनके इस सवाल पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने उन्हें 'नारीत्व के नाम पर कलंक' बताया और इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी पीड़िता पर दोष डाल रही है। अगर वो बुरे वक्त में महिलाओं का साथ नहीं दे सकती हैं, तो उन्हें राज्य की सत्ता अपने हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए।