भारत के युद्धाभ्यास की खबर से PAK में मची खलबली, सेना को किया अलर्ट
भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर तीनों सेनाओं (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) का संयुक्त सैन्य अभ्यास 'एक्स त्रिशूल' करने जा रहा है। यह अभ्यास 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक किया जायेगा। इसके लिए NOTAM जारी किया गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास भारत की बढ़ती संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार को प्रदर्शित करेगा। इस युद्धाभ्यास में आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति से निपटने के लिए रणनीति पर जोर दिया जाएगा और दक्षिणी कमान के सैनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रक्षा विश्लेषक डेमियन साइमोन की ओर से शेयर की गई सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक, ‘त्रिशूल’ अभ्यास के लिए आरक्षित हवाई क्षेत्र 28,000 फीट की ऊंचाई तक फैला हुआ है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि अभ्यास का क्षेत्र और इसका पैमाना 'असामान्य' है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस अभ्यास में तीनों सेनाओं की संयुक्त भागीदारी होगी। इसका उद्देश्य सेनाओं की संयुक्त अभियान क्षमता, ‘आत्मनिर्भरता’ और इनोवेशन का प्रदर्शन करना है।
वहीं भारत की तैयारियों को देखते हुए इस्लामाबाद ने कई कमांडों और ठिकानों को हाई अलर्ट कर दिया है। पाकिस्तान की बहावलपुर स्ट्राइक कोर और कराची (सिंध) कोर को विशेष रूप से तैयार रहने के लिए कहा गया है। शोरकोट, बहावलपुर, रहीम यार खान, जैकोबाबाद, भोलारी और कराची जैसे वायुसैनिक अड्डों को तैयार रहने को कहा गया है।