Breaking News: झारखंड के पूर्व CM शिबू सोरेन का निधन, किडनी में थी समस्या
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का डेढ़ महीने से चल रहे इलाज के बाद निधन हो गया। उन्होंने 81 वर्ष में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। शिबू को किडनी संबंधी समस्याओं के चलते जून में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दी। शिबू सोरेन, जिन्हें 'गुरुजी' के नाम से जाना जाता था, ने झारखंड की राजनीति में चार दशकों से अधिक समय तक सक्रिय भूमिका निभाई और तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने केंद्र सरकार में कोयला मंत्री के रूप में भी कार्य किया था।
राजनीतिक करियर
शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को बिहार (अब झारखंड) के नेमरा में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत एक समाज सुधारक के रूप में की थी।सोरेन साल 1980 में दुमका से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गये। इसके बाद वे लगातार तीन बार 1989, 1991 और 1996 में लोकसभा सदस्य चुने गए। वह 2002 में राज्यसभा के लिए चुने गए, लेकिन इसी साल लोकसभा उपचुनाव में ड्यूमा सीट जीतने के बाद उन्होंने अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया।
सोरेन पहली बार 2 मार्च 2005 को झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि, वे बहुमत साबित नहीं कर सके और उन्हें 11 मार्च 2005 को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद वे दो बार और मुख्यमंत्री बने।