PM मोदी ने किया दुनिया की सबसे ऊंची राम प्रतिमा का अनावरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के पर्तगाली (कनकोण) स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की 77 फीट ऊंची विश्व की सबसे बड़ी राम प्रतिमा का अनावरण किया। जहां इस समय मठ परंपरा के 550 साल पूरे होने पर खास आयोजन चल रहे हैं। उन्होंने मठ में पूजा-अर्चना की और मूर्ति का अनावरण किया।
बता दे, यह भव्य प्रतिमा को पद्म श्री और भूषण मूर्तिकार राम सुतार ने बनाई है, जिन्होंने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' भी डिजाइन किया था। यह कांस्य प्रतिमा 77 फीट ऊंची है, जो इसे श्रीराम की अब तक की सबसे ऊंची प्रतिमा भी है।
प्रतिमा का अनावरण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगली जीवोत्तम मठ अपनी स्थापना की 550वीं वर्षगाठ मना रहा है। बीते 550 वर्षों में इस संस्था ने समय के कितने ही चक्रवात झेले हैं। युग बदला, दौर बदला, देश और समाज में कई परिवर्तन हुए लेकिन बदलते युगों और चुनौतियों के बीच इस मठ ने अपनी दिशा नहीं खोई, बल्कि मठ लोगों को दिशा देने वाला केंद्र बनकर उभरा और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।' यह मठ 13वीं शताब्दी में जगद्गुरु माधवाचार्य द्वारा स्थापित द्वैत वेदांत परंपरा का अनुयायी है।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने उडुपी में जनसंघ और बाद में भाजपा के अच्छे शासन मॉडल को याद किया। उन्होंने कहा कि साल 1968 में वीएस आचार्य को उडुपी नगर निगम में चुने जाने के बाद यहां साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था का एक नया मॉडल बना।