उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में शीतलहर का कहर, 15 राज्यों में ठंड का अलर्ट जारी
उत्तर भारत में मौसम ने करवट लेने शुरू कर दिया है। देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रभाव तेज़ी से देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान सहित करीब 15 राज्यों के लिए शीतलहर तथा घने कोहरे को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुँच गया। जिसका असर अब उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में देखने को मिल रहा है। जोजिला पास का तापमान माइनस 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस समय देश में सबसे कम है। कुपवाड़ा, पुलवामा, अनंतनाग और शोपियां जैसे जिलों में भी तापमान माइनस 2 से माइनस 4°C के बीच बना हुआ है।
उत्तर भारत के राज्य पंजाब में फरीदकोट का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि चंडीगढ़ में 6.9 डिग्री और हरियाणा के अंबाला में 8.7 डिग्री जबकि हिसार में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजस्थान के सीकर का फतेहपुर 4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
वहीं भारत मौसम विभाग (IMD) ने मध्य और पूर्वी भारत में 14 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है। पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र में शीतलहर के हालात बने रहेंगे।