मुंबई में बारिश का कहर, बीच पुल पर फंस गई मोनो रेल
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश से शहर की रफ्तार थम गई है। जगह-जगह जलभराव और खराब मौसम चलते रेल, बस, हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मंगलवार को मोनो रेल भी भारी बारिश की चपेट में आ गई। मुंबई के भक्ती पार्क और मैसूर कॉलनी के बीच एक मोनो रेल तकनीकी वजह के चलते पुल के बीचोबीच रुक गई है।
जानकारी के अनुसार, मोनो रेल की इलेक्ट्रिक सप्लाई बंद होने की वजह से यह घटना हुई है। सप्लाई बंद होने से रेल के सभी गेट बंद हो गए और यात्री अंदर फंसे रह गए। इसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेल में फंसे यात्रियों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। PTI के मुताबिक, यात्रियों को खिड़की के शीशे काटकर निकाला गया।
मुंबई में बारिश का कहर
मुंबई में बीते कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश जारी है। जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के कारण पटरियों और सड़को पर पानी जमा हो गया और मध्य रेलवे की मुख्य और हार्बर लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। इस कारण यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज की छुट्टी घोषित कर दी। मुंबई में रिकॉर्ड 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा नांदेड़ में 8 लोगों की मौत हो गई है।