नीतीश कुमार 10वीं बार बने बिहार के CM, भाजपा से दो डिप्टी सीएम
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। सीएम नीतीश के साथ 26 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है। शपथग्रहण में मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ NDA की सरकार वाले राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
वहीं भाजपा से दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बनाए गए हैं। नीतीश कैबिनेट में बीजेपी से 14, जेडीयू से 8, एलजेपीआर से दो, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री बनाए गए हैं।
बता दे, नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई सरकार में दलित वर्ग से सबसे ज्यादा पांच मंत्री सुनील कुमार, अशोक चौधरी, लखविंदर रोशन, संजय पासवान, संतोष सुमन बनाए गए हैं। वैश्य समुदाय से चार चेहरे, दिलीप जायसवाल, नारायण प्रसाद, प्रमोद कुमार और अरुण शंकर प्रसाद मंत्री बनाए गए हैं।
वहीं श्रेयसी सिंह, संजय सिंह, संजय सिंह टाइगर और लेसी सिंह के रूप में चार राजपूत मंत्री हैं। इनके अलावा तीन मंत्री कुशवाहा (लव) और सीएम नीतीश की जाति कुर्मी (कुश) से एक मंत्री बनाया गया है। सम्राट चौधरी, सुरेंद्र मेहता, दीपक प्रकाश कोइरी वर्ग से आते हैं, जबकि श्रवण कुमार कुर्मी कुर्मी जाति से आते हैं।
भूमिहार (विजय चौधरी और विजय सिन्हा), निषाद समाज (मदन सहनी, रमा निषाद) और यादव (राम कृपाल यादव और बिजेंद्र यादव) से दो-दो मंत्रियों को नीतीश सरकार में जगह दी गई है। ब्राह्मण (मंगल पाण्डेय), कायस्थ (नितिन नवीन) के साथ ही मुस्लिम समाज (जमा खान) से एक-एक मंत्री बनाए गए हैं।