भारत का 'असली दुश्मन' दूसरे देशों पर निर्भरता : PM मोदी
टैरिफ को लेकर मचे घमासान के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने भारत को एक और झटका दिया है। अमेरिका ने एच-1बी वीजा की फीस अब 100000 डॉलर (88 लाख रुपए) कर दी है। ऐसे में हर तरफ हलचल पैदा हो गई है। माना जा रहा है कि इसका सबसे ज्यादा असर भारतीयों पर पड़ेगा। क्योंकि 2020 से 2023 के बीच कुल H-1B वीजा में से 71 प्रतिशत वीजा भारतीयों ने लिए हैं।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर भारत का 'असली दुश्मन' दूसरे देशों पर निर्भरता को बताया है। गुजरात के भावनगर में एक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने राष्ट्रीय ताकत और वैश्विक सम्मान के लिए आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज भारत विश्वबंधु की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। हमारा सबसे बड़ा दुश्मन दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता है। यह हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन, निर्भरता के दुश्मन को हराना होगा। हमें इसे हमेशा दोहराना चाहिए। विश्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश को आत्मनिर्भर बनना ही होगा।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H-1B वीजा आवेदनों पर 100,000 डॉलर का शुल्क लगाने का फैसला लिया। यह 21 सितंबर से लागू हो गया है। इससे पहले अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 50 फीसदी का भारी टैरिफ लगाया है।