क्या है 500 करोड़ की संपत्ति का राज? प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी पर लगाया बड़ा आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर हमला करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। अब हाल ही में जन सुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर तूफान पैदा कर दिया। सोमवार को पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किशोर ने कहा कि अगर अशोक चौधरी ने सात दिनों के भीतर अपना मानहानि का नोटिस वापस नहीं लिया, तो उनकी 500 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा किया जाएगा।
जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी पर प्रशांत किशोर ने गंभीर आरोप लगाए है। प्रशांत ने आरोप लगाते हुए कहा कि अशोक चौधरी ने पटना से लेकर मुक्तेश्वर, दिल्ली से पटना बाईपास और रांची तक अनियमित तरीके से संपत्तियां अर्जित की हैं।
प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तल्ख अंदाज में कहा, “अगर अशोक चौधरी ने सात दिन में अपना मानहानि का नोटिस वापस नहीं लिया, तो उसके बाद उनकी 500 करोड़ की संपत्ति का खुलासा करूंगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “मुख्यमंत्री कहते हैं कि CCC से कभी समझौता नहीं करेंगे, लेकिन यह खुलासा हो रहा है। अगर आप अभी भी कार्रवाई नहीं करेंगे, तो इतिहास आपको कभी माफ नहीं करेगा।” उन्होंने कहा पिछले 8 महीने में 20 हजार करोड़ का कांट्रैक्ट दिया गया है, जिसमें 5% कट मनी ली गई है।
उन्होंने कहा सम्राट चौधरी 1995 के तारापुर हत्याकांड में आरोपी हैं और उनपर छह हत्या का आरोप हैं। ऐसे व्यक्ति को तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए। किशोर ने कहा हमारी पार्टी जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सम्राट चौधरी की गिरफ्तारी और बर्खास्त की मांग करेंगे। उन्होंने दावा किया सम्राट, शिल्पी गौतम दुष्कर्म और हत्या मामले में नामजद थे, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने दबा दिया था।