किसानों के साथ पानी भरे खेत में उतरे राहुल गांधी, फिर किया मोदी सरकार पर हमला
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनैतिक दल एक दूसरे पर जमकर हमला बोल रहे है। वहीं विपक्ष के कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट अधिकार यात्रा के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोल रहे है। आज (शनिवार) को विपक्षी इंडिया महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा बिहार के कटिहार पहुंची।
इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी शामिल हुए। यहां एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के अधिकारों छीनने का काम कर रही है। केंद्र सरकार की नीतियां दलितों और पिछड़ो के खिलाफ है।
कटिहार में रैली को संबोधित करने के बाद वह मखाना किसानों से मिले। इस दौरान वह उनके साथ पानी भरे खेल में उतरे और उनकी समस्या जानी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर लिखा, "बिहार दुनिया का 90% मखाना उगाता है, मगर दिन-रात धूप-पानी में मेहनत करने वाले किसान-मज़दूर मुनाफे का 1% भी नहीं कमाते हैं। आज, इन किसानों से उनके खेतों में मिलकर उनकी आपबीती जानी। बड़े शहरों में 1000-2000 रुपए किलो बिकता है, मगर इन मेहनतकशों, पूरे उद्योग की नींव को, नाम मात्र का दाम मिलता है।"
राहुल ने आगे लिखा, कौन हैं ये किसान-मज़दूर? अतिपिछड़े, दलित - बहुजन। पूरी मेहनत इन 99% बहुजनों की और फ़ायदा सिर्फ़ 1% बिचौलियों का। वोट चोर सरकार को न इनकी कदर है, न फिकर - न आय दिया, और न ही न्याय। वोट का अधिकार और हुनर का हक़ एक सिक्के के दो पहलू हैं - और इन दोनों को ही हम खोने नहीं देंगे।"