हिंदी-मराठी विवाद: मराठी न बोलने पर पिटाई... 19 साल के लड़के ने की आत्महत्या
हिंदी-मराठी भाषा विवाद पिछले कुछ समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। महाराष्ट्र में हिंदी बोलने पर कई तरह की घटनाएं सामने आने लगी है। अब हाल ही में एक 19 साल के लड़के की मराठी भाषा नहीं बोलने पर पिटाई कर दी और फिर युवक ने मानसिक प्रभाव के चलते आत्महत्या कर ली।
महाराष्ट्र के ठाणे में हिंदी-मराठी भाषा विवाद के दौरान ट्रेन में कुछ लोगों ने एक कॉलेज छात्र से मारपीट की। इसके बाद छात्र ने मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि, दोपहर में लड़के (अर्नव) ने पिता को फोन किया। उसने बताया कि तबीयत ठीक नहीं है और उसे बहुत डर लग रहा है। अर्णव के पिता जितेंद्र खैर के अनुसार, शाम को जब घर लौटा तो कमरे का अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर अर्नव दुपट्टे से फांसी पर लटका मिला, तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जितेंद्र खैर ने बताया कि बेटा अपनी रोजमर्रा की ट्रेन यात्रा के दौरान कुछ लोगों से भाषा को लेकर उलझ गया। बहस इतनी बढ़ गई कि कम से कम 4-5 लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा। पिटाई की इस घटना का अर्णव की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। कोलसेवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रेलवे से सीसीटीवी फुटेज जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।