विजय की रैली में भगदड़ मचने से 39 लोगों की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा
तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में शनिवार शाम को मची भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मरने वालो में 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। इस हादसे पर पूरा देश दुखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गाँधी, कमल हासन और रजनीकांत जैसी राजनितिक हस्तियों ने इस हादसे पर गहरा दुःख जताया है।
कैसे मची भगदड़ ?
रिपोर्ट में सामने आया कि रैली में 10 हजार लोगो के आने की संभावना थी लेकिन लगभग 1,00,000 लोग विजय की एक झलक देखने पहुंच गए। भगदड़ उस समय शुरू हुई जब रैली में एक 9 साल की बच्ची लापता हो गई। लोग उसकी तलाश में एक ही दिशा में तेजी से बढ़ने लगे। भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद होने के बावजूद, अचानक लोगों के एक तरफ बढ़ने से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और भगदड़ मच गई।
इधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर तुरंत हाईलेवल मीटिंग बुलाई और देर रात को ही करूर पहुचें। स्टालिन ने हॉस्पिटल जाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों से मुलाकात की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10‑10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।
वहीं एक्टर विजय ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके इस घटना के लिए बेहद दुख जताया है. साथ ही उन्होंने कहा है कि वह गहरी पीड़ा में हैं।
उधर, गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी है। वहीं, घटना के बाद विजय घायलों से नहीं मिले। वे चार्टर्ड फ्लाइट से सीधे चेन्नई चले गए।
राजनीति में उतरे विजय
सुपरस्टार विजय ने 2 फरवरी 2025 को राजनीति में उतरने का फैसला किया, इसी दिन उन्होंने अपनी पार्टी TVK लॉन्च की थी। इसके बाद 22 अगस्त को उन्होंने पार्टी का फ्लैग और सिम्बल लॉन्च किया था। चुनाव आयोग ने 8 सितम्बर को उनकी पार्टी को राजनीतिक पार्टी के रूप में आधिकारिक मान्यता दी थी।