PAK नहीं.... उमा भारती ने बताया देश के सामने असली चुनौती क्या
भारतीय राजनीतिज्ञ और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कुछ ऐसा कह दिया जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। उन्होंने आज शनिवार को भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत के लिए पाकिस्तान नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और आर्थिक असमानता देश की असली चुनौतियां हैं।
भारत हिन्दू राष्ट्र
उमा भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरक्षा, शराबबंदी, सिंहस्थ लैंड पूलिंग, लव जिहाद, हिंदू राष्ट्र की अवधारणा और मुख्यमंत्री मोहन यादव के दो साल के कार्यकाल पर खुलकर बोली। उन्होंने कहा, देश में धर्मांतरण और घुसपैठ पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। भारत एक हिन्दू राष्ट्र है।
उन्होंने कहा कि गायों का संरक्षण और शराबबंदी जरूरी है। राज्य में शराबबंदी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है। समाज धीरे-धीरे इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। खासकर युवा इसमें डूबते जा रहे है। वहीं भारती ने सिंहस्थ 2028 के लिए प्रस्तावित लैंड पूलिंग का विरोध करते हुए कहा कि इसे पूरी तरह निरस्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में किसी नई परंपरा की जरूरत नहीं है।
धर्मांतरण पर रोक जरुरी
उमा भारती ने आगे कहा कि यदि लड़का धर्म छुपाकर लड़की से मिलता है और शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव डालता है, तो यह लव जिहाद है। उन्होंने कहा कि उन्हें अंतर्जातीय विवाह से आपत्ति नहीं है, पर धर्मांतरण पर रोक अब जरुरी हो गई है।
देश से भ्रष्टाचार को खत्म करना
मुख्यमंत्री मोहन यादव पर बोलते हुए उमा भारती ने कहा कि वे सरल और पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। दो साल में आए निवेश प्रस्ताव अब जमीन पर उतरें और भ्रष्टाचार पर पूर्ण नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की आज स्थिति बहुत बुरी है, लेकिन वह हमारे देश के लिए कोई बड़ा चैलेंज नहीं है। बल्कि देश से भ्रष्टाचार को खत्म करना और यह सुनिश्चित करना कि आर्थिक, राजनीतिक, शासन और प्रशासन की दृष्टि से सभी को समान अवसर और समान भागीदारी मिले।